लखनऊ: यूपी में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। हालांकि अब मानसून पूरे प्रदेश में न होकर कुछ जिलों में ठिठका हुआ है। मानूसन के उत्तर की तरफ बढ़ने से सोमवार को प्रदेश के ललितपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, उत्तराखंड और बुंदेलखंड से लगे जिलों में झमाझम बारिश हुई और लोगों को गर्मी से राहत का अहसास हुआ।
बादलों के साथ बूंदाबांदी ने बदला मौसम का मिजाज
मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है। बीते दिनों से बनी उमस और तेज धूप लोगों को परेशानी दे रही थी। सोमवार को सुबह से बादलों की आवाजाही के बाद दोपहर करीब तीन बजे के आसपास हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी हालांकि शाम तक उमस फिर बढ़ गई। मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि सोमवार को शहर में 0.4 एमएम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।