केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सख्त, जल जीवन मिशन और अमृत योजना के अधिकारियों को लगाई फटकार

मिर्जापुर : केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन और अमृत योजना के कार्यों की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी कार्यों जल्द पूरे कराने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. इस दौरान कुछ शिकायतों को लेकर जल जीवन मिशन और अमृत योजना के अधिकारियों को फटकार भी लगाई.

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि मेरे जनता दरबार में गांव से लेकर शहर तक लोगों की शिकायतें आ रही हैं. नल है, लेकिन जल नहीं है, कई जगह नल टूटे-हुए हैं. इसके अलावा पाइप लीकेज, अमृत जल योजना के खुदाई के बाद कार्य अधूरे पड़े होने समेत कई तरह की शिकायतें हैं. ऐसी शिकायतें सही साबित होने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कई ब्लॉकों और गांवों से शिकायत आ रही थीं. इसलिए आज की समीक्षा बैठक में जानकारी लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं. मिर्जापुर जिले में 9 स्कीम हैं और 6 एजेंसी काम कर रही हैं. कई गांवों से योजना के कंप्लीटेशन का सर्टिफिकेट तो आ रहा है, लेकिन गांवों में समस्या बनी हुई है. सभी को कार्य पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दे दिया गया है.

नगरी क्षेत्र में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन का काम चल रहा है. नई पाइप लाइन बिछाने काम चल रहा है. कई जगह सीवर का काम पूरा कर दिया गया है. सड़क खोद कर कार्य अधूरा छोड़ने की शिकायतें मिली हैं. इस पर पूरा काम करने के बाद हैंडओवर करने, नगर पालिका को मेंटिनेंस करने, पेयजल योजना की कमियां दूर करने के बाबत स्पष्ट निर्देश दिया गया है.