लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय होने के कारण पिछले 4-5 दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है. गुरुवार को भी उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई और कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हुई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई. ज्यादातर जिलों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई.
यहां बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश और कुछ अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी जारी की है. वहीं प्रदेश के इटावा, औरैया, जालौन, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, हमीरपुर, बांदा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, संत रविदास नगर में भारी बारिश होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में 85% अधिक हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 6.4 मिलीमीटर के सापेक्ष 11.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 85% अधिक है. पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में सबसे अधिक बारिश 79 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई.
इसके अलावा कानपुर नगर में 40, फतेहपुर में 48, हरदोई में 35, प्रयागराज में 27, बांदा में 28, लखनऊ में 19, उन्नाव में 23, मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जालौन में 47, हमीरपुर में 40, एटा में 42, ललितपुर में 14 महोबा में 15 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. बादलों की भी आवाजाही रहेगी. वहीं बीच-बीच में धूप भी खिलेगी. अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
झांसी सबसे गर्म जिला: गुरुवार को उत्तर प्रदेश का झांसी सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि 21 अगस्त तक प्रदेश के दक्षिणी भाग में भारी बारिश की संभावना है. 24 घंटो के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है.