यूपी में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, लखनऊ-मेरठ में जलभराव; 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू है पिछले 2 दिनों से कुछ जिलों में तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई. शनिवार को लखनऊ और मेरठ जिले में बादल मेहरबान होके जमकर बरस रहे हैं. अचानक हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर जल भराव और कुछ मोहल्लों में घरों तक पानी भर गया. मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश और अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी जारी की है.

मेरठ में सुबह से झमाझम बारिश: जिले में मानसून की चाल काफी तेज बनी हुई है. शनिवार की सुबह काले बादलों और अचानक छाए अंधेरे के साथ हुई. जिसके तुरंत बाद तेज बारिश शुरू हो गई. शहर में कई इलाकों में पॉकेट रेन (स्थान विशेष पर बारिश) देखने को मिली. सड़कों पर लोग छाता लेकर निकलते नजर आए. अगले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट भी विभाग ने जारी किया है.

इन जिलों में हो सकती मूसलाधार बारिश: श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, संत रविदास नगर, फतेहपुर, रायबरेली में अलर्ट जारी किया गया है.

प्रदेश में 16% कम हुई बारिश: यूपी में 1 जून से 21 अगस्त तक अनुमानित बारिश 525 मिली मीटर के सापेक्ष 443 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 16% कम है. पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 5.6 मिली मीटर के सापेक्ष 4.4 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 21% कम है.

लखनऊ में झमाझम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मेरठ सबसे गर्म जिला: शुक्रवार को प्रदेश का मेरठ सबसे गर्म जिला रहा. अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि 22 अगस्त को पूर्वांचल के अन्य भागों में वर्षा के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद प्रदेश में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से बारिश में कमी आ सकती है.