मिर्जापुर: जनपद में स्कूली बच्चों के रास्ते के लिए जन अल्फा छात्रों के साथ सपा नेता के प्रदर्शन करने के मामले में दर्ज मुकदमा को लेकर दो सपा नेता समेत चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दो दिन पहले सपा नेताओं ने स्कूली बच्चों के साथ स्कूल के गेट के बाहर रास्ते के लिए प्रदर्शन किया था. सहायक शिक्षक के तहरीर पर पुलिस ने 6 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.
मिर्जापुर सिटी ब्लॉक के चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय के गेट के सामने सड़क निर्माण की मांग के लिए 7 जुलाई को छात्रों के साथ प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहनी के जिला अध्यक्ष कौशिक कनौजिया समेत छह के खिलाफ विद्यालय के सहायक अध्यापक संजय कुमार तिवारी की तहरीर प्राथमिकी दर्ज की थी.
सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू और सपा लोहिया वाहनी के जिला अध्यक्ष कौशिक कनौजिया के साथ आरती और लाल बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है. नामजद में शंकर और रामनरेश यादव अभी भी फरार हैं.
साथ ही कई अज्ञात रोहित शुक्ला के समर्थक पर मुकदमा दर्ज की गई है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है. रोहित शुक्ला अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं मझवां विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके है.
दरअसल मिर्जापुर सिटी ब्लॉक के चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय का निर्माण 1985 में हुआ था. तब से लेकर अब तक रास्ता स्कूल जाने के लिए नहीं था. किसानों के खेत के मेड़ से जाने को छात्र के साथ शिक्षक मजबूर होते थे. इसी को लेकर छात्रों के साथ सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया था.
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर अधिकारी मौके पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समझाया और लिखित सहमति के आधार पर धरना समाप्त कराया गया था कि 24 घंटे के अंदर काम शुरू हो जाएगा और काम भी शुरू हो गया है.
देहात कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार तिवारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि धरना-प्रदर्शन से आम लोगों का रास्ता अवरुद्ध हुआ और विद्यालय के शिक्षकों को स्कूल में जाने से रोका गया, जिसको लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है दो नामजद अभी भी फरार हैं और अज्ञात हैं जिनकी तलाश की जा रही है.