ग्लोबल एल्युमिनियम कैन कंपनियों का यूपी पर भरोसा, प्रतिनिधियों ने CM योगी से की मुलाकात

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माण के क्षेत्र में बड़े वैश्विक निवेश की राह खुली है. इसी सिलसिले में गुरुवार को प्रमुख एल्युमिनियम कैन निर्माता कंपनियों बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश में अपनी विनिर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की.

बताया गया कि बॉल कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में अपनी प्रस्तावित इकाई के लिए भूमि का चयन कर लिया है. कंपनी यहां करीब 2,913 करोड़ रुपये के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन का बड़ा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी. क्राउन होल्डिंग्स ने उन्नाव स्थित IMLC में अपनी ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण परियोजना का ग्राउंडब्रेकिंग किया है. करीब 40 एकड़ में स्थापित होने वाली इस परियोजना में 2,078.44 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान बॉल कॉर्पोरेशन के सीईओ रॉन लुईस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ में भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी. कंपनी की भारतीय सहायक कंपनी बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को उत्तर प्रदेश की एफडीआई नीति 2023 के तहत नीतिगत प्रोत्साहन दिए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इस निवेश से प्रदेश में पैकेजिंग और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और वैश्विक कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश की निवेश क्षमता और बढ़ेगी. मुख्यमंत्री से क्राउन होल्डिंग्स के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की.

प्रतिनिधिमंडल में कंपनी के ईवीपी एवं सीओओ डाल्मा नोवेस और बेवकैन ईएमईए के प्रेसिडेंट मार्क केचिसन शामिल रहे. यह मुलाकात उन्नाव के आईएमएलसी में कंपनी की पहली ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण सुविधा के ग्राउंड ब्रेकिंग के बाद हुई.

प्रस्तावित संयंत्र में भारत के तेजी से बढ़ते पेय उद्योग के लिए एल्युमिनियम कैन का निर्माण किया जाएगा. क्राउन की परियोजना से 200 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन, रखरखाव, सप्लायर नेटवर्क और सहायक उद्योगों के माध्यम से 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे. दोनों परियोजनाओं से प्रदेश में पैकेजिंग इकोसिस्टम के विस्तार, विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री के साथ हुई इन बैठकों में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यूपीईडा के सीईओ दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी भी मौजूद रहे. यूपी सरकार के मुताबिक बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स जैसे वैश्विक निर्माताओं का उत्तर प्रदेश में निवेश प्रदेश के औद्योगिक वातावरण और निवेश नीतियों में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है. इन परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश को उन्नत विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने और राज्य की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.