यूपी में 5 IAS अफसरों के तबादले, आकांक्षा राणा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में गुरुवार देर रात फिर दौड़ी तबादला एक्सप्रेस. पांच आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए गए. प्रदेश सरकार की ओर से लगातार आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर और नई पोस्टिंग दिए जाने का सिलसिला जारी है. एक ओर जहां बुधवार देर रात आइएएस अपराजिता आर्य को मलिहाबाद का उप जिला अधिकारी बनाया गया था और मनोज सिंह को मलिहाबाद के एसडीएम पद से हटकर एसीएस 5 की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. तो वहीं दूसरी ओर गुरुवार को एक साथ 5 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए, उनमें फील्ड पर तैनात एक आईएएस को विशेष सचिव बनाया गया है.

योगी सरकार की ओर से जारी आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर सूची की बात करें तो झांसी में तैनात नगर आयुक्त आकांक्षा राणा को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक विभाग और प्रबंध निदेशक यूपी डेस्को बनाया गया है. तो वहीं जालौन में तैनात जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को अब बहराइच का जिलाधिकारी बना दिया गया है.

ETV Bharat

विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग और प्रबंध निदेशक यूपी डेस्को समीर को अब जालौन की जिम्मेदारी सौंपते हुए यहां का डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बनाया गया है. बाराबंकी में मुख्य विकास अधिकारी बी. सूदन को झांसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा को बाराबंकी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है.

लगातार हो रहे ट्रांसफर को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि अभी कुछ और आईएएस अधिकारियों के तबादले होंगे, जिनमें फील्ड पर तैनात कई जिलाधिकारियों का स्थानांतरण करने के साथ ही उन्हें नए जिलों की जिम्मेदारी तो मिलेगी ही, कई आईएएस अधिकारियों को शासन में भी पोस्टिंग दी जाएगी.