आगरा: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार को एक दिवसीय दौर पर आगरा आ रहे हैं. राजनाथ सिंह ताजनगरी में आयोजित खटीक गर्जना सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे. रक्षामंत्री करीब तीन घंटे शहर में रुकेंगे. राजनाथ सिंह का आगरा दौरा विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी से जोड़ कर देखा जा रहा है. इस सम्मेलन से भाजपा आगरा मंडल के साथ ही प्रदेशभर के खटीक समाज पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है.
खटीक समाज पर बीजेपी की नजर
बता दें कि आगरा में अखिल भारतीय खटीक समाज की ओर से मंडल स्तरीय खटीक गर्जना सम्मेलन का आयोजन खंदारी स्थित राव कृष्णपाल सिंह सभागार में किया जा रहा है. खटीक समाज इस सम्मेलन में राजनीतिक भागेदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों को लेकर समाज की भूमिका पर मंथन करेगा.
सम्मेलन में कई मंत्री और सांसद रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम संयोजक के संयोजक हेमंत चलनीवाले बताया कि रविवार दोपहर खटीक गर्जना सम्मेलन में मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि सामाजिक न्याय और आधिकारिक मंत्री वीरेंद्र खटीक, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद डॉ. भोला सिंह और जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक रहेंगे.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे. रक्षामंत्री के आगमन देखकर सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त किए गए हैं. रक्षामंत्री खेरिया एयरपोर्ट से टाटा गेट से रामनगर की पुलिया, लोहामंडी होकर खंदारी स्थित आरबीएस के सभागार में पहुंचेंगे. डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि रक्षामंत्री का काफिला कई रूट पर ट्रैफिक रोक कर निकाला जाएगा.
ब्रज क्षेत्र से आएंगे लोग
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हेमंत ने बताया कि सम्मेलन में आगरा के साथ ही मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, मैनपुरी समेत कई जिलों से खटीक समाज के लोग शामिल होने आ रहे हैं. सम्मेलन की पूरी तैयारी कर ली गई है.