रामपुर में कोडीन सिरप के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

रामपुर: जनपद में मंगलवार को नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. थाना गंज पुलिस ने रामपुर से प्रतिबंधित कोडीन सिरप की 1800 शीशियों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में दो मुरादाबाद और एक रामपुर का रहने वाला है.

अनुराग सिंह अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, रामपुर थाना गंज को सूचना मिली थी कि कोडीन सिरप की एक बड़ी खेप को ग्राम नानकार बाईपास के पास बाग में छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पुत्र मुन्ना निवासी जुमेरात बाजार, मोहम्मद जाकिर पुत्र जाबिर निवासी सकटू नगला और राजा पुत्र बाबर निवासी ग्राम बघी के रूप में हुई है.

पुलिस ने मौके से छह प्लास्टिक के कट्टों में रखे Codeine की 1800 शीशियां और 7300 रुपये नकदी बरामद की है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामपुर में कोडीन सिरप ऊंचे दामों पर बिकता है. इसी लिए वह मुरादाबाद से सिरप खरीदकर रामपुर में बेचते हैं.

पुलिस ने बरामद माल को सीज कर, एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर, आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

इस पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान कोडीन सिरप के 1800 बोतल बरामद हुए हैं. पकड़े गए तीनों आरोपी इस माल से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके हैं, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.