बालों में तेल लगाना हमारी पारंपरिक हेयर केयर रूटीन का एक अहम हिस्सा है. यह न सिर्फ रूखे बालों को मुलायम और रेशमी बनाता है, बल्कि धोते समय बालों के रेशों के बीच रगड़ को भी कम करता है. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेल लगाने का तरीका भी उतना ही जरूरी है जितना कि सही तेल चुनना. इसलिए, बालों में तेल लगाते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है.
बालों में तेल लगाते समय बरतने वाली सावधानियां
- बिना सुलझाए तेल लगाना: उलझे हुए बालों में सीधे तेल लगाने से बाल ज्यादा झड़ सकते हैं या टूट सकते हैं. इसलिए, तेल लगाने से पहले बालों को धीरे-धीरे कंघी करके सुलझा लें ताकि उनमें कोई गांठ न रहे. हमेशा बालों के सिरों से सुलझाना शुरू करें और धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ें. साथ ही, बहुत ज्यादा उलझे हुए बालों में जोर से कंघी न चलाएं.
- स्कैल्प को बहुत जोर से रगड़ना: जानकारों का कहना है कि यह सोचना गलत है कि स्कैल्प की देर तक मालिश करने से तेल का असर बढ़ जाता है. उनका कहना है कि ज्यादा दबाव डालने से स्कैल्प खुरदरी हो सकती है और हल्की खरोंचें आ सकती हैं. स्कैल्प पर सीधे तेल डालने के बजाय, उंगलियों के पोरों से अलग-अलग जगहों पर थोड़ा-थोड़ा तेल लगाएं और फिर कुछ मिनटों तक गोल-गोल घुमाते हुए हल्के हाथों से मालिश करें.
- बहुत ज्यादा तेल लगाना: एक्सपर्ट्स का कहना है कि बालों की पूरी लंबाई में तेल लगाने से कोई खास फायदा नहीं होता है. उनका मानना है कि बहुत ज्यादा तेल लगाने से स्कैल्प और बाल चिपचिपे, भारी और ऑयली हो जाते हैं, जिससे उन्हें धोने के लिए बार-बार शैम्पू करना पड़ता है. इससे बालों का कुदरती मॉइस्चर खत्म हो जाता है और स्कैल्प और भी ज्यादा रूखी हो जाती है. इसलिए, एक्सपर्ट बालों की लंबाई, मोटाई और रूखेपन के आधार पर तेल लगाने की सलाह देते हैं. वे पहले स्कैल्प पर तेल लगाने और फिर बचे हुए तेल को धीरे-धीरे बालों की लंबाई में लगाने की सलाह देते हैं. वे यह भी सुझाव देते हैं कि बालों को पूरी तरह तेल से तर-बतर करने के बजाय, बालों के सिरों पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देना बेहतर होता है.
- रात भर तेल लगाकर रखना: एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेल का पूरा फायदा पाने के लिए इसे रात भर लगाकर रखने की जरूरत नहीं है. बाल धोने से कुछ देर पहले इसे लगाना ही काफी है. जिन लोगों की स्कैल्प ऑयली है, जिन्हें डैंड्रफ है या अक्सर खुजली होती है, उनके लिए रात भर तेल लगाकर रखने से समस्या और बढ़ सकती है. इसलिए, बेहतर है कि तेल को कुछ देर तक लगा रहने दें और फिर माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें.
- बहुत ज्यादा गर्म तेल लगाना: बालों में तेल लगाते समय उसे गर्म करना जरूरी नहीं है. फिर भी आप अगर गुनगुने तेल से मसाज करना चाहते हैं, तो ध्यान रखें कि तेल सिर्फ हल्का गर्म हो. बहुत ज्यादा गर्म तेल लगाने से स्कैल्प की नाजुक त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है.
- हेयर ऑयल लगाने का सही तरीका: सबसे पहले, अपने बालों की उलझनें सुलझा लें. फिर, थोड़ा सा तेल लें और इसे अपनी स्कैल्प के अलग-अलग हिस्सों पर लगाएं. इसके बाद, उंगलियों के पोरों से गोल-गोल घुमाते हुए धीरे-धीरे स्कैल्प की मसाज करें. हाथों में बचे हुए तेल को बालों की लंबाई और सिरों पर लगाएं. आखिर में, इसे कुछ देर के लिए लगा रहने दें और माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें.
