पंजाब में आप सांसद सुशील रिंकू बीजेपी में शामिल, विधायक शीतल अंगुराल ने भी छोड़ी पार्टी

नई दिल्‍ली: पंजाब में आम आदमी पार्टी को बुधवार (27 मार्च) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। रिंकू को पार्टी जालंधर से टिकट दे चुकी थी। उनके साथ ही जालंधर वेस्ट से आप विधायक शीतल अंगुराल भी भाजपा में शामिल हुए।

इससे पहले शीतल अंगुराल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं के बीजेपी में जाने की अफवाहें काफी दिनों से चल रही थी, लेकिन तब सांसद रिकूं ने स्पष्ट किया था कि आम आदमी पार्टी के साथ हमेशा उनकी वफादारी रहेगी और वह कहीं नहीं जा रहे। इसी तरह अंगुराल ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर कहा था कि ये सभी बातें निराधार हैं।

उप चुनाव जीतकर बने थे सांसद

रिंकू पिछले साल जालंधर उप चुनाव जीतकर सांसद बने थे। वह लोकसभा में आप के एकमात्र सांसद हैं। रिंकू पहले कांग्रेस में थे। 27 अप्रैल, 2023 को वे आप में शामिल हो गए थे और एक दिन बाद उन्हें जालंधर संसदीय क्षेत्र से आप का उम्मीदवार घोषित किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा में शामिल होने के बाद रिंकू के अब भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।

वहीं, जालंधर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर सांसद सुशील रिंकू और विधायक शीतल अंगुराल के घर के बाहर राजनीतिक रंजिश के चलते धरना लगाने की वीडियोग्राफी और गैर कानूनी कार्रवाई करवाने को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है।