अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप का विरोध प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

लखनऊ: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ शुक्रवार को उत्‍तर प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान कई जिलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

लखनऊ में प्रदेश प्रवक्ता इरम रिजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता परिवर्तन चौक से भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर सभी को रोक लिया। कार्यकर्त्ता मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई और बाद में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर इको गार्डन पार्क ले गई।

केजरीवाल से डरे हुए हैं नरेंद्र मोदी

आप के प्रदेश प्रवक्ता इरम रिज़वी ने कहा कि आज देश स्तब्ध है कि अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद, आनन-फानन रात के अंधेरे में देश के प्रधानमंत्री ने एजेंसीज को भेजकर देश की राजधानी के मुख्यमंत्री को गिरफ़्तार कराया। उन्‍होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल से नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं, नरेंद्र मोदी को सबसे ज्यादा डर आम आदमी पार्टी से लगता है।

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप का विरोध प्रदर्शन

इरम रिज़वी ने आगे कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी हार रहे हैं, इसीलिए उन्‍होंने लोकसभा चुनाव घोषित होते ही अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवा दिया, जिससे अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार न कर पाएं। लेकिन, अरविंद केजरीवाल भारत के लोगों के दिलों में बसते हैं, हर गरीब के बेटे हैं। उनको कैद किया जा सकता है, लेकिन उनकी सोच को कैद नहीं किया जा सकता है।

प्रदर्शन में मौजूद रहे ये कार्यकर्ता

आप प्रदेश प्रवक्‍ता ने कहा कि 2 साल की जांच में एक पैसा भी न सीबीआई को मिला है और न ईडी को मिला है। फिर भी चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है। इस प्रदर्शन में इरम रिज़वी, वंशराज दुबे, पंकज यादव, प्रियंका श्रीवास्तव, सुभाषिनी मिश्रा, संगीता जायसवाल, इस्मा जहीर, मुकेश शुक्ला, अफरोज आलम, मो. तकी, सावंत, अनित, अंशुल, मनोज जॉनी, अभिषेक, मो. सईद सहित कई कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।