11th Nov Header

जम्मू में हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 21 तीर्थयात्रियों की मौत; 40 घायल

श्रीनगर: जम्मू के अखनूर में गुरुवार (30 मई) को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 लोग घायल हैं। मौत का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। घायलों को जम्मू के अखनूर अस्पताल और जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आज यह हादसा जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में उत्तर प्रदेश के हाथरस के लगभग 90 लोग सवार थे। हाथरस से शिव खोरी जा रहे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। इधर, केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दु:ख जताया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने X पर लिखा- “जम्मू के पास अखनूर में एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। मृतकों के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”