आगरा: ‘एक तारीख, एक घंटे’ के महासफाई अभियान में मंत्री एके शर्मा ने किया श्रमदान, किया बड़ा ऐलान

नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने हाथी घाट पर पौधारोपण कर दिया धरा को हरा भरा बनाने का संदेश

आगरा/लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत रविवार को आगरा के यमुना किनारे हाथी घाट पहुंचकर आगरा को साफ-सुथरा एवं गार्बेज फ्री बनाने के ‘एक तारीख एक घंटे’ के महासफाई अभियान में शामिल होकर श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने यमुना किनारे हाथी घाट में उपस्थित जनसमूह से मां कालिंदी के पावन तट को साफ-सुथरा बनकर हमेशा के लिए गंदगी से मुक्त करने का आह्वान किया।

मंत्री एके शर्मा के नेतृत्व में आज चल सफाई महाभियान को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखा और लोगों ने महासफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर श्रमदान किया। मीडिया द्वारा यमुना की सफाई को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता के संकल्प से मां यमुना भी साफ होगी, आगरा भी साफ होगा, पूरा देश एवं प्रदेश साफ सुथरा होकर समृद्ध बनेगा। उन्‍होंने वहां पर पौधारोपण कर ‘धरा को हरा भरा’ बनाने का भी संदेश दिया।

आगरा: 'एक तारीख, एक घंटे' के महासफाई अभियान में मंत्री एके शर्मा ने किया श्रमदान, किया बड़ा ऐलान

विकास कार्यों के लिए की गई तीन करोड़ रुपये की व्‍यवस्‍था

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने आगरावासियों के लिए घोषणा की कि इस हाथी घाट के क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाकर एक सुंदर घाट के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए नगर विकास विभाग और अन्य विभाग मिलकर सहयोग करेंगे। यहां के विकास कार्यों के लिए 03 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अब इस स्थान को सुंदर सुरम्य क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मां कालिका मंदिर के आसपास के क्षेत्र को मिलाकर सबसे पहले यमुना के हाई फ्लड वाले भाग को साफ किया जाएगा। इसके बाद इसके लो फ्लड भाग को भी साफ सुथरा एवं सुन्दर बनाया जाएगा। आने वाले समय में इसे पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाकर आगरावासियों को समर्पित किया जाएगा और इस गंदे स्थान को एक खूबसूरत पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

आगरा: 'एक तारीख, एक घंटे' के महासफाई अभियान में मंत्री एके शर्मा ने किया श्रमदान, किया बड़ा ऐलान

नगरीय जीवन को गंदगी से बाहर निकालने की पूरी कोशिश  

नगर विकास मंत्री ने आज यमुना किनारे के हाथी घाट क्षेत्र में मां यमुना के आंचल में फैली गंदगी को सभी के साथ मिलकर साफ करने का प्रयास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज की सफाई महाभियान के बाद नगरीय क्षेत्र में किसी भी जगह कहीं पर भी कूड़ा, करकट का ढेर दिखाई नहीं देगा। हर वार्ड एवं गली, मोहल्ले साफ-सुथरे दिखेंगे। नगरीय जीवन को गंदगी से बाहर निकालने का हमारा पूरा प्रयास है।

देश एवं प्रदेश का एक-एक कोना, गली मोहल्ले साफ हो, इस संकल्प के साथ प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, नगर विकास विभाग के सभी अधिकारी जनपद के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, गणमान्य नागरिक, नवयुवक, NCC कैडेट्स, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस सफाई महाअभियान में अपना सहयोग प्रदान किया और श्रमदान किया।

आगरा: 'एक तारीख, एक घंटे' के महासफाई अभियान में मंत्री एके शर्मा ने किया श्रमदान, किया बड़ा ऐलान

महात्‍मा गांधी को दी जा रही स्‍वच्‍छांजलि

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्म दिवस 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी जी के जन्म दिवस 02 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। साथ ही गांधी जी की 154वीं जयंती पर 154 घंटे का अनवरत सफाई अभियान भी चल रहा है, जिसका प्रभाव जमीन पर भी दिख रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर गांधी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को पूरा कर उन्हें ‘स्वच्छांजलि’ अर्पित की जा रही है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन नितिन रमेश गोकर्ण, बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह, अल्पसंख्यक आयोग उ.प्र. के अध्यक्ष अशफाक सैफी, राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित सहित पुलिस कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह, सीडीओ ए. मनिकंडन आदि भी मौजूद रहे।