11th Nov Header

इस्राइल-ईरान संघर्ष के बीच एयर इंडिया का बड़ा फैसला, उठा लिया ये कदम

नई दिल्‍ली: ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारतीय एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयर इंडिया ने एक पोस्‍ट करके जानकारी देते हुए तेल अवीव की अपनी सभी उड़ानों को 30 अप्रैल तक रोक दिया है।

एयर इंडिया ने अपने पोस्ट में कहा कि मध्यपूर्व की स्थिति को देखते हुए तेल अवीव से आने-जाने वाली उड़ानों को हमने 30 अप्रैल 2024 तक निलंबित कर दिया है। स्थिति पर हमारी नजर है। हम अपने उन यात्रियों को सहायता प्रदान कर रहे हैं, जो पहले ही तेल अवीव आने-जाने के लिए बुकिंग कर चुके हैं। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश मंत्रालय भी जारी कर चुका है एडवाइजरी

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने भी ईरान और इस्राइल के लिए यात्रा सलाह जारी की थी। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को सलाह दी है कि अगली सूचना तक ईरान और इस्राइल की यात्रा न करें। विदेश मंत्रालय ने उन सभी भारतीयों से भी अनुरोध किया है, जो वर्तमान में ईरान और इस्राइल में रह रहे हैं। मंत्रालय ने कहा है कि इन देशों में रह रहे भारतीय तुरंत दूतावास से संपर्क करें और अपना पंजीकरण कराएं।

मंत्रालय ने अनुरोध किया है कि वे अपनी सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतें और अपनी गतिविधियों को कम लोगों के साथ ही साझा करें। इसके अलावा भारत ने अपने यहां के मजदूरों को इस्राइल भेजने का फैसला फिलहाल टाल दिया है। अप्रैल-मई में छह हजार निर्माण मजदूरों को इस्राइल भेजने की योजना थी।