राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होंगे अखिलेश यादव, जानें तारीख और जगह  

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के बाद अब सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होंगे। 25 फरवरी को आगरा में अखिलेश यादव न्याय यात्रा से जुड़ेंगे। इससे पहले अखिलेश यादव ने रायबरेली में न्याय यात्रा से जुड़ने का ऐलान किया था, लेकिन सीट बंटवारे पर फैसला न होने के कारण उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था।

कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष ने कही ये बात

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमने अखिलेश यादव को आमंत्रित किया है, वो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। वहीं, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के अमेठी से लड़ने पर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि ये तो उन्हें ही तय करना है। ये दोनों सीटें गांधी परिवार की थीं। गांधी परिवार की ही रहेंगी।

गौरतलब है कि बुधवार को सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद अब सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश न्याय यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस यूपी में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि सपा 63 सीटों पर लड़ेगी। सीटों पर समझौता होने के बाद बुधवार शाम को दोनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस भी की थी।