अनुप्रिया पटेल की सुरक्षा “Y” प्लस से “Z” प्लस श्रेणी में हुई अपडेट

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले केंद्रिय मंत्री अनुप्रिया पटेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। पहले उन्हें Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी। गृह मंत्रालय ने उनकी Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा को बढ़ाकर Z कैटेगरी कर दी है।

दरअसल, Z श्रेणी में 22 कर्मियों की सुरक्षा होती है। जिसमें 4-6 एनएसजी कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं। वहीं Y+ श्रेणी में 11 कर्मी की सुरक्षा में लगे होते हैं। जिसमें 2-4 कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।

क्या होती Z-श्रेणी की सुरक्षा

Z-श्रेणी देश की तीसरी सबसे ऊंची सुरक्षा श्रेणी होती है। इसमें कमांडो और पुलिस कर्मियों के साथ 22 कर्मी शामिल होते हैं। Z श्रेणी के तहत एक निजी व्यक्ति सुरक्षा कवर के लिए भुगतान करता है। बता दें कि बाबा रामदेव और अभिनेता आमिर खान को Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।

कौन हैं अनुप्रिया पटेल

अनुप्रिया पटेल लोकसभा सांसद हैं। 2014 के चुनाव में अनुप्रिया ने उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर सीट से अपना दल से चुनाव लड़ा था। अनुप्रिया पटेल मोदी सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं और वे वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। अनुप्रिया 2016 से 2019 तक भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री थीं। अनुप्रिया पटेल अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उन्हें पार्टी ने सितंबर 2019 में अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना था। 2012 में अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य चुनी गई। अनुप्रिया पटेल की शिक्षा लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमन और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय और कानपुर विश्वविद्यालय से पूरी हुई है।