11th Nov Header

Ayodhya: हनुमानगढ़ी में साधु की चाकू से गोदकर हत्या, एक शिष्‍य हिरासत में; एक फरार  

अयोध्‍या: रामनगरी अयोध्या में एक साधु की हत्‍या का मामला सामने आया है। थाना रामजन्मभूमि अंतर्गत सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में स्थित एक आश्रम में एक नागा साधु की चाकू से गोदकर हत्या की गई। मृतक के गले, सीने व पीठ पर धारदार हथियार के गहरे निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि पहले किसी पतले तार से गला घोंटा गया, फिर चाकू से वार किया गया।

पुलिस को इस हत्‍या की जानकारी गुरुवार सुबह दी गई। सूचना पर वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नायर, एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ बीकापुर डॉ. राजेश तिवारी सहित फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची व घटनास्थल की जांच की। मृतक साधु की पहचान राम सहारे दास शिष्य दुर्बल दास (44) के रूप में हुई। वह बसंतिया पट्टी से जुड़ा हुआ था।

मृतक साधु का एक शिष्‍य हिरासत में, एक फरार

बताया जा रहा है कि मृतक साधु आश्रम के सबसे अंदरूनी हिस्से के तीसरे कमरे में रहता था। उसके साथ दो शिष्य भी रहते थे। घटना के बाद से ऋषभ शुक्ला नामक शिष्य मौके से फरार मिला, जबकि दूसरे शिष्य गोविंद दास को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, फरार ऋषभ शुक्ला को मृतक साधु ने 15 दिन पहले ही अपने साथ रखा था और वह खाना बनाता था। घटना के पीछे लूट का भी अंदेशा जताया जा रहा है। मंदिर व अगल-बगल रहने वाले नागा साधुओं का कहना है कि मृतक रामसहारे दास हनुमान जी का श्रृंगार आदि करता था।

वहीं, एसपी राजकरण नायर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। हत्या का कारण क्या है और किसने की इसकी जांच की जा रही है।