पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सौंपा मांगों का पुलिंदा

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया

बरेली: उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी गेट पर प्रदर्शन करने के उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि संविदा पर लगे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, ठेका प्रथा खत्म की जाए, इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। कर्मचारियों से काम तो 30 दिन लेते हैं, लेकिन मजदूरी 26 दिन की देते हैं।

उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के जिला महासचिव राजेंद्र कुमार समदर्शी ने बताया, इससे पूर्व भी नगर विकास मंत्री से प्रदेश के पदाधिकारी ने वार्ता की थी। लेकिन उसमें कोई उनको आश्वासन नहीं मिला। चेतावनी दी यदि प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन बहाली, संविदा पर तैनात कर्मचारियों का स्थाईकरण करना, ठेका प्रथा को समाप्त करवाने सहित उनकी अन्य मांगों पर गौर नहीं किया तो वह 17 दिसंबर को प्रदेश मुख्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन करेंगे।

यदि इसके बाद भी उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता है तो आगे की रणनीति तय करके कहां काम बंद हड़ताल आंदोलन की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश शासन की होगी ।यहां पर महानगर अध्यक्ष राजेश कुमार ,जिला उपाध्यक्ष सुरेश शिंदे, जिला अध्यक्ष विजय उर्फ मन्नू, प्रदेश सचिव वेद प्रकाश वाल्मीकि ,मंडल अध्यक्ष दीपक वाल्मीकि, महामंत्री तरुण गौतम सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।