21st Nov Header Ad

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने यूपी में बदले 21 अध्यक्ष, 8 नए चेहरों को मिली जगह

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव करते हुए आठ नए चेहरों को मौका दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिल्कार्जुन खड़गे ने यूपी में पार्टी के 21 अध्यक्षों की नियुक्ति पर मुहर लगाई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति में 8 नए नाम जोड़े गए हैं।

कांग्रेस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने जिला/शहर कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति में निम्नलिखित अतिरिक्त नामों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें राजनीतिक मामलों की समिति में राज बब्बर, सुप्रिया श्रीनेत, इमरान प्रतापगढ़ी, शेखर बहुगुणा, इमरान किदवई, नदीम जावेद, योगेश दीक्षित और मनोज त्यागी को जगह मिली है।

इन्‍हें बनाया गया अध्‍यक्ष

इसके अलावा कांग्रेस ने गाजियाबाद जिलाध्यक्ष के तौर पर विनीत त्यागी, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष के लिए दीपक भाटी चोटीवाला, नोएडा शहर में मुकेश यादव, शामली जिले में अखलाक प्रधान, शामली शहर में लोकेश कटारिया, सहारनपुर जिले के लिए संदीप राणा, मथुरा शहर के लिए विक्रम वाल्मिकी, आगरा जिले के लिए अरुण शर्मा, आगरा शहर के लिए अमित दिवाकर, अलीगढ़ जिले से ठाकुर सोमवीर सिंह को अध्यक्ष बनाया है।

वहीं, कांग्रेस ने अलीगढ़ शहर में नावेद खान, झांसी जिले में योगेंद्र सिंह यादव, ललितपुर जिले में राजेश पाठक, फतेहपुर शहर में मो. आरिफ गुड्डा, फतेहपुर जिले में वीरेंद्र सिंह चौगान, कौशांबी जिले में गौरव पांडेय, सुल्तानपुर शहर में शकील अंसारी, गाजीपुर शहर में संदीप विश्वकर्मा, लखनऊ शहर प्रथम में अमित श्रीवास्तव, लखनऊ शहर द्वितीय शहजाद आलम और बलिया जिले में उमाशंकर पाठक को अध्यक्ष नियुक्त किया है।