Bharat Jodo Nyay Yatra in UP: राहुल बोले- गरीबों की जेब काटी जा रही:प्रियंका ने भी साधा निशाना

Bharat Jodo Nyay Yatra in UP: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को अलीगढ़ पहुंची। यहां जनसभा में राहुल और प्रियंका ने नौकरी और अग्निवीर को लेकर सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद न्याय यात्रा हाथरस पहुंची। इससे पहले, शनिवार को यात्रा का दूसरा चरण मुरादाबाद से शुरू हुआ था। राहुल के साथ प्रियंका गांधी भी थीं। मुरादाबाद में राहुल ने सरकार पर निशाना साधा। लोगों से पूछा, ‘मुझे बताओ हिंदुस्तान के एयरपोर्ट किसके नाम पर हैं? हिंदुस्तान के बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर किसको दिए जाते हैं? हिंदुस्तान के पॉवर प्लांट किसके हाथ में हैं? सरकार आपकी जेब काटने का काम करती है।’

दरअसल, 21 फरवरी को कानपुर पहुंचने के बाद यात्रा ने 2 दिन का ब्रेक लिया था। इसके बाद शनिवार को यात्रा मुरादाबाद से अमरोहा, संभल होते हुए बुलंदशहर पहुंची। आज अलीगढ़ और हाथरस से होकर आगरा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा राजस्थान में एंट्री करेगी।

प्रियंका ने कहा- चुनाव आते ही फ्री में देते हैं राशन

प्रियंका ने कहा- बड़ी-बड़ी चीजें अडाणी को बेंच दी। इसमें युवाओं का क्या फायदा हुआ। किसान आज जमीन पर बैठा है, सड़क पर बैठा है। सरसो का तेल, गैस, टमाटर, आज सारी चीजें महंगी हो गई हैं। जब चुनाव आते हैं, तो जनता से कहा जाता है कि एक बोरा तेल ले लो, राशन ले लो। आपको यह समझना होगा कि सरकार किस लिए होती है। सरकार आपके लिए होती है और उसे आपके लिए काम करना है।

प्रियंका ने कहा, आज अग्निवीर ने सेना की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ा झटका दिया है। एक जमाने में ऐसी सरकार थी जो आपकी महत्वकांक्षाओं को आगे बढ़ाती थी। उस समय युवाओं को सेना के जरिए रोजगार मिलता था। लेकिन आज अग्निवीर ने इन महत्वकांक्षाओं पर पानी फेर दिया है। यह सरकार अग्निवीर ले आई, और रोजगार को खत्म कर दिया।