लखनऊ: समाजवादी पार्टी से गैसड़ी विधायक रहे डॉ. शिव प्रताप यादव को श्रद्धांजलि देने उनके पैतृक आवास पहलवारा पंहुचे पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सपा नेता के निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि एसपी यादव जमीन से जुड़े और जिम्मेदार नेता थे। इंडिया गठबंधन के सवाल पर कहा कि जीत व सीट के फार्मूले पर जल्द टिकट बंटवारा हो जाएगा।
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने के सवाल पर कहा कि भाजपा के लिए यह वोट बैंक साधने का तरीका है। बिखर रहे वोटों को सहेजने के लिए यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठ बोलती है। उन्होंने 40 लाख करोड़ के निवेश के दावे को खारिज करते हुए कहा कि एक भी कारखाना बताएं कि कहां लगा है? गोंडा व बलरामपुर में निवेश न होने पर चिंता जताई।
सांसदों का टिकट काटने जा रही भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा डबल इंजन की सरकार की बात करती है लेकिन धरातल पर कहीं कुछ नहीं दिख रहा है। महंगाई और बेरोजगारी की चिंता भाजपा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं फिर दोहराता हूं कि भाजपा के सांसद संकट में हैं कि कहीं उनका टिकट तो नहीं कट रहा है। कुछ तो सीट बदलने में लगे हैं। दावा किया कि भाजपा सांसदों का टिकट काटने जा रही है। भाजपा को अपनी चिंता करनी चाहिए।