11th Nov Header

लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा ‘भारत रत्न’, सीएम योगी ने याद किया योगदान

लखनऊ: भारत सरकार ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को ‘भारत रत्न’ सम्मान देने की घोषणा की है। इस निर्णय पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर्ष जताया है और इसको उनके अद्वितीय प्रयासों को सम्मान प्रदान करने वाला करार दिया है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से लाल कृष्ण आडवाणी को बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए लाल कृष्ण आडवाणी द्वारा किए गए प्रयास सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी को देश का सर्वोच्च पुरस्कार प्रदान किए जाने के निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह न सिर्फ भाजपा के संस्थापक सदस्य हैं बल्कि देश और दुनिया में भाजपा के असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत भी हैं।

आडवाणी के अद्वितीय प्रयासों का सम्मान

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन में दशकों की सेवा, प्रतिबद्धता और राष्ट्र की अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता झलकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि आडवाणी जी ने अपने राजनैतिक जीवन में शुचिता व नैतिकता के उच्च मानक स्थापित किए हैं। यह पुरस्कार उनके अद्वितीय प्रयासों को सम्मानित करने वाला है।