लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के सामने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी है। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 फरवरी को चंदौली से प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रही है।
ये यात्रा 11 दिनों में 20 जिलों का सफर तय करते हुए 25 फरवरी को आगरा से होते हुए राजस्थान जाएगी। इनमें चंदौली व आगरा में राहुल गांधी जनसभा करेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अमेठी, लखनऊ, बरेली व अन्य जिलों में भी जनसभा कराए जाने की भी तैयारी है। हालांकि, अभी उन जिलों के नाम तय नहीं हो सके हैं। यात्रा के लिए 20 जिलों में समन्वयक बनाए जाने के साथ ही वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा का रूट तय कर दिया गया है।
14 फरवरी को यूपी में करेगी प्रवेश
माना जा रहा है कि यात्रा यूपी में उन्हीं सीटों से गुजरेगी, जिन्हें कांग्रेस गठबंधन के तहत मांग रही है। यह यात्रा 14 को यूपी में प्रवेश करेगी और करीब 11 दिन में 1000 KM का सफर तय करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिये अलग अलग वर्ग के लोगों से राहुल गांधी संवाद करेंगे। देश के हालात और अन्य मुद्दों पर राहुल गांधी संवाद करेंगे।

