यूपी में बीजेपी ने सात सीटों पर घोषित किए प्रत्‍याशी, डिंपल के सामने होंगे योगी के मंत्री

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार (10 अप्रैल) को अपने प्रत्‍याशियों की 10वीं सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में नौ उम्‍मीदवारों का ऐलान किया गया है। चंडीगढ़ और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट के अलावा उत्तर प्रदेश की सात लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

प्रदेश की चर्चित सीटों में से एक मैनपुरी से भी बीजेपी ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने इस सीट से योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को अपना प्रत्‍याशी घोषित किया है। उनका सीधा मुकाबला सपा सांसद और प्रत्याशी डिंपल यादव से होगा। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जयवीर ने मैनपुरी की सदर विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वर्तमान में वह योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हैं।

भाजपा ने प्रयागराज के दोनों सांसदों का टिकट काटा

भाजपा ने प्रयागराज की दोनों सीटों पर नए उम्मीदवारों को मौका दिया है। इलाहाबाद सीट से मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को भाजपा ने टिकट दिया है। नीरज त्रिपाठी पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केशरी नाथ के पुत्र हैं।

इसके अलावा फूलपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद केसरी देवी पटेल का टिकट भी कट गया है। उनकी जगह प्रवीण पटेल को भाजपा ने मैदान में उतारा है। प्रवीण पटेल अभी फूलपुर सीट से विधायक हैं।

अफजाल के खिलाफ पारस नाथ को टिकट

वहीं, कौशांबी लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर विनोद सोनकर पर भरोसा जताया है। भाजपा ने मौजूदा सांसद सोनकर को टिकट दिया है। इसके अलावा मछलीशहर से बीडी सोनकर को टिकट दिया है। गाजीपुर सीट से माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल के सामने भाजपा ने पारस नाथ राय को उतारा है। अफजाल अंसारी मौजूदा सांसद हैं और उन्हें सपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा उम्मीदवारों की लिस्‍ट

Image

Image