लखनऊ/ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने का सीएम योगी का सपना अब जल्द हकीकत बनने वाला है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बनने वाली फिल्म सिटी को लेकर अंतिम मुहर लग गई है। निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप मिलकर जेवर में फिल्म सिटी बनाएंगे। इस परियोजना के लिए मंगलवार को फाइनेंशियल बिड खोली गई, जिसमें बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के ज्वाइंट वेंचर बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी ने हाईएस्ट बिड देकर प्रोजेक्ट हासिल कर लिया। कंपनी की ओर से 18 परसेंट ग्रॉस रेवेन्यू शेयर के साथ बोली लगाई थी। तकनीकी रूप से योग्य पाई गई संस्थाओं में से जो संस्था अधिकतम ग्रॉस रेवेन्यू शेयर प्राधिकरण को देगी उसे सेलेक्टेड बिडर के रूप में चयनित किए जाने का प्राविधान था। अभिनेता अक्षय कुमार भी प्रोजेक्ट के लिए दौड़ में शामिल थे।
फाइनेंशियल बिड में कंपनियों द्वारा ग्रॉस रेवेन्यू शेयर पर्सेंटेज के आधार पर बोली लगाई गई। बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी की ओर से 18 पर्सेंटेज की सफल बोली लगाई गई। वहीं 4 लायंस फिल्म्स प्रा लि ने 15.12%, सुपरसोनिक टेक्नोबिल्ड प्रा लि ने 10.80% और सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज प्रा लि ने 5.27% पर बोली लगाई। यीडा के सीईओ अरुणवीर सिंह के अनुसार रेवेन्यू शेयर का अर्थ ये है कि फिल्म सिटी का निर्माण करने के बाद कंपनी को जो भी आय होगी, उसका 18 प्रतिशत वह प्राधिकरण को देगी। प्राधिकरण की ओर से उसे लैंड के अलावा अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराया जाएगा, जबकि फिल्म सिटी के अंदर सभी कंस्ट्रक्शन और सुविधाओं का विकास कंपनी को स्वयं करना होगा।