बीएसपी बीजेपी की B टीम: अजय राय

लखनऊ: बसपा भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने I.N.D.I अलायंस की मजबूती को दिखाया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह बात प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे दो विधायकों ने गठबंधन धर्म को निभाया है। वहीं, कांग्रेस की विधानमंडल दल की नेता मोना मिश्रा ने कहा कि पूरी तैयारी से भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में सपा में सर्जिकल स्ट्राइक की है।

अजय राय ने कहा कि I.N.D.I अलायंस की मजबूती के बाद डरी भाजपा प्रताड़ना दे रही है। I.N.D.I अलायंस में सीटों का बंटवारा हो चुका है। सभी जगह मजबूत प्रत्याशी मैदान में हैं। बसपा के एक विधायक ने ही भाजपा के पक्ष में वोट किया है। इससे अब स्पष्ट हो चुका है कि बसपा भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। भाजपा सभी प्रदेशों में जोड़-तोड़ करने का काम कर रही। सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स से लोगों को तोड़ने का काम हो रहा है। युवाओं का भविष्य अंधकार में है। मजदूर और किसानों को ठगने का काम किया जा रहा है। फसल पर एमएसपी का रेट नहीं बढ़ाया जा रहा है। क्रॉस वोटिंग का आगामी चुनाव में कोई असर नहीं हैं। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों का जनता में विश्वास खत्म हो गया है।

सिद्धांत पर चलते हैं दबाव में नहीं आते

कांग्रेस की विधान मंडल दल नेता मोना मिश्रा ने कहा हमने अपना गठबंधन धर्म निभाया है। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में आठवें उम्मीदवार के लिए सपा में सर्जिकल स्ट्राइक की है। इसकी तैयारी पहले से थी। बसपा का एक वोट भाजपा को मिलना यह प्रदेश में राजनीति के बदलने का संकेत है। हमें गर्व है कि हम कांग्रेस के साथ हैं। भाजपा के अफवाह को हमने सफल नहीं होने दिया। भाजपा की तरफ से राज्यसभा चुनाव में दबाव पर मोना बोलीं कि जो सिद्धांत पर चलता है। उन पर कोई दबाव नहीं आता है। भाजपा ने पहले से ही सपा में सर्जिकल स्ट्राइक की तैयारी की थी। तभी सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है।