11th Nov Header

Budget 2024: हिमाचल सरकार ने गाय-भैंस के दूध के लिए बढ़ाई MSP, जानिए नई कीमत 

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार (17 फरवरी) को अपना दूसरा राज्य बजट पेश किया। इसमें उन्‍होंने गाय के और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की घोषणा की।

दरअसल, राज्‍य में वित्त विभाग मुख्यमंत्री सुक्‍खू के पास है। उन्होंने कहा कि गाय के दूध का एमएसपी ₹38 से बढ़ाकर ₹45 प्रति लीटर और भैंस के दूध का एमएसपी ₹38 से बढ़ाकर ₹55 प्रति लीटर कर दिया गया है।

राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना का ऐलान

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्‍खू ने राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना की घोषणा की, जिसके तहत 36,000 किसानों – प्रत्येक पंचायत के 10 किसानों – को प्राकृतिक खेती तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। सुक्खू ने आगे कहा कि सेब पैकेजिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन पेश किए जाएंगे और बागवानी पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्‍यमंत्री सुक्‍खू ने 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साल के मानसून के बाद आपदा प्रभावित लोगों के लिए 4,500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की और कहा कि केंद्र ने कोई विशेष पैकेज नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली बीजेपी सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण हिमाचल पर कुल कर्ज 87,788 करोड़ रुपये था।