प्रतापगढ़/सुल्तानपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 7 जुलाई को प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा. शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा. मुख्यमंत्री के आगमन कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस ने 7 जुलाई को विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. इसके आलावा मुख्यमंत्री सुल्तानपुर भी जाएंगे, जहां वह 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय, क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के नेतृत्व में तैयार डायवर्जन प्लान के अनुसार सभी भारी वाहन वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे.
एसपी ने बताया कि सुल्तानपुर से प्रयागराज, रायबरेली और वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मदाफरपुर मोड़, पट्टी बाईपास, उड़ैयाडीह, जामताली एवं रानीगंज से होकर भेजा जाएगा. वहीं लखनऊ-रायबरेली से वाराणसी और जौनपुर जाने वाले वाहन लालगंज, लीलापुर, कोतवाली देहात, भुपियामऊ और रानीगंज मार्ग का उपयोग करेंगे.
अमेठी से रायबरेली, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को लोहगपुर-बिहारगंज बाईपास एवं सुखपाल नगर बाईपास से होकर वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा. इसी प्रकार से वाराणसी, जौनपुर और मछलीशहर से सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी एवं रायबरेली जाने वाले सभी भारी वाहनों के लिए रानीगंज, जामताली, पृथ्वीगंज, भूपियामऊ और लालगंज के तरफ से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं.
नियम के मुताबिक केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, जैसे एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, प्रशासनिक वाहन तथा खाद्य सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी.