बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार (29 मार्च) को बिजनौर के जेवीएस रिजॉर्ट में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कहा कि शहर के प्रबुद्धजनों की भूमिका प्राचीन ऋषि-मुनियों जैसी है, जो अलग-अलग क्षेत्र में समाज का नेतृत्व करते हैं। प्रबुद्धजन समाज के ओपीनियन लीडर हैं, समाज का मार्गदर्शन और नेतृत्व करते हैं। कोई चिकित्सक है तो कोई व्यापारी, अधिवक्ता और शिक्षक, तो कोई पर्यावरण के लिए कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जीवन के अलग-अलग क्षेत्र में नेतृत्व करने वाले इस प्रबुद्धवर्ग की बातों पर जनता विश्वास करती है। यही वर्ग समाज को मोटिवेट करता हैं। लोग प्रबुद्धजनों का अनुसरण करते हैं। इसीलिए हम आपका आशीर्वाद लेने आए हैं। आपकी भूमिका वैसी ही है जैसे प्राचीन काल में ऋषि मुनियों की हुआ करती थी।
प्रबुद्धजनों का आशीर्वाद हमारे दोनों प्रत्याशियों को मिले
सीएम योगी ने बिजनौर सीट से बीजेपी-रालोद के संयुक्त प्रत्याशी चंदन चौहान और नगीना सीट से भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार के लिए मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि ये महात्मा विदुर की भूमि है, तो यही चाहता हूं कि आप प्रबुद्धजनों का आशीर्वाद हमारे दोनों प्रत्याशियों को मिले।
सूबे के मुखिया ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद लोगों ने मुझसे कहा था कि जो सीएम बिजनौर जाता है उसकी छुट्टी तय है, इसलिए मैं हर जनपद की तरह यहां भी आया। लोग कहते थे कि यहां रात्रि को नहीं रुकना चाहिए, मगर मैं यहां रुका और तब यहां के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी स्थापित किया। उस वक्त मुझे पता लगा कि बिजनौर जनपद में बहुत पोटेंशियल है।
बिजनौर के इतिहास पर डाला प्रकाश
बिजनौर केवल बिजनौर नहीं है, बल्कि भारत की पहचान इस जनपद से है। यह महात्मा विदुर की भूमि है जो उन ऋषि मुनियों की परंपरा से आते हैं, जिन्होंने महाभारत के काल खंड में भी सच बोलने का साहस दिखाया। ये वही बिजनौर है जहां से मां गंगा का यूपी में आगमन होता है, जो बलिया तक जाती हैं। यहां के हमारे जनप्रतिनिधियों ने यहां के लिए मेडिकल कॉलेज की मांग की, जिसे तुरंत स्वीकार करते हुए यहां महात्मा विदुर के नाम पर मेडिकल कॉलेज का मार्ग प्रशस्त किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश वही है, प्रदेश वही है, केवल सरकार बदली है। आज यूपी में कर्फ्यू और दंगा नहीं है। बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। पर्व और त्यौहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं। अयोध्या और काशी में पूरा देश आने को आतुर है। व्यापारियों का व्यापार फल फूल रहा है। यही बात हमें समाज में जाकर बताने की जरूरत है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश खटीक, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, रालोद के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पंवार, हरिओम शर्मा, कमलेश सैनी, शुचि चौधरी, अशोक राणा आदि गणमान्य मौजूद रहे।