फतेहपुर सीकरी में सीएम योगी बोले- जनता विपक्ष को पांच साल की छुट्टी देकर कहेगी, जाओ फातिहा पढ़ो

फतेहपुर सीकरी: उत्‍तर प्रदेश के मुखिया और भारतीय जनता पार्टी के स्‍टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (22 अप्रैल) को पहली रैली फतेहपुर सीकरी के किरावली में सांसद व उम्मीदवार राजकुमार चाहर के लिए की। दूसरी रैली में उन्होंने अलीगढ़ से उम्मीदवार सतीश गौतम व हाथरस से प्रत्याशी अनूप वाल्मीकि ‘प्रधान’ को कमल के फूल पर वोट देकर सदन भेजने की अपील की।

मुख्‍यमंत्री योगी ने फतेहपुर सीकरी में कहा कि अयोध्या और काशी ने अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है। अब ब्रज भूमि का भी नंबर आने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ रहे हैं। चुनाव में इन्हें बोल दीजिए, वोट तो कमल पर जाएगा, तुम लोगों को पांच साल की छुट्टी दे रहे हैं, जाओ-खूब फातिहा पढ़ो। हम अयोध्या में रामलला का दर्शन करा रहे हैं तो माफिया का राम-नाम सत्य भी करा रहे हैं।

फतेहपुर सीकरी में सीएम योगी

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि रामनवमी के दिन भगवान राम का सूर्य तिलक हुआ था। एक तरफ कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग कहते थे कि क्या प्रमाण है कि राम का जन्म अयोध्या में हुआ। य़ह कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं,  जैसे लगता था कि इस सृष्टि के पहले कांग्रेस, सपा-बसपा ही पैदा हो गई थी। आपका दायित्व बनता है कि राम-कृष्ण पर प्रश्न खड़े करने वालों, गंगाजल के लिए तरसाने वालों को वोट के लिए तरसा दीजिए।