लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को लेकर निशाना साधा है। शनिवार को उन्होंने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत करते हुए सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर भी टिप्पणी की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन पहले भी हो चुका है। इन्हें प्रदेश की जनता ने अच्छे ढंग से सबक सिखा दिया था। यही कारण है कि राहुल और प्रियंका यूपी में आने का साहस नहीं दिखा पा रहे। भाजपा अपने सहयोगियों के साथ यूपी में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने जा रही है। ये पहला चुनाव होगा, जिसके परिणाम के बारे में पूरा देश आश्वस्त है। मोदी की गारंटी पर देश का विश्वास है। चार जून को परिणाम आएंगे और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
बसपा के कमजोर होने से बीजेपी को फायदा
सीएम योगी ने बहुजन समाज पार्टी के बारे में कहा कि उसका अपना वोटबैंक हैं। उसकी नेता मायावती तीन बार प्रदेश की सीएम रह चुकी हैं। बसपा कमजोर पड़ेगी तो उसका लाभ भाजपा को मिलेगा। 2019 में सपा और बसपा मिलकर अपनी ताकत आजमा चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने बदायूं की घटना को वीभत्स बताया। सूबे के मुखिया ने प्रदेश में हुए एनकाउंटर पर कहा कि पुलिस नियमानुसार अपना काम करती है। बेटी और व्यापारी को कोई भी परेशान करेगा तो कानून का राज स्थापित करने के लिए जो भी उपाय है, वो किया जाएगा।
आजम खान को मिली कर्मों की सजा
वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के जेल जाने के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके कर्मों के कारण उन्हें न्यायालय से सजा मिली है। भारत की न्यायपालिका स्वतंत्र है।