1st Nov Ad

CM YOGI :फीडे रेटेड शतरंज खिलाड़ी से शाह और मात पर की बात, मदद का भी दिया भरोसा

गोरखपुर: महज पांच साल की उम्र में बने फीडे रेटेड शतरंज खिलाड़ी कुशाग्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके गोरखपुर स्थित निवास पर जाकर मुलाकात की. शुक्रवार को मुलाकात के दौरान नन्हें चैम्प ने जमकर चर्चा की. इस दौरान सीएम योगी ने लिटिल चैम्पियन का हौसला बढ़ाया और शतरंज की बारीकियां को भी जानने का प्रयास किया. इतना ही नहीं योगी आदित्यनाथ ने कुशाग्र अग्रवाल के खेल को आगे बढ़ाने में किसी भी तरह की मदद का भी भरोसा उसके परिवार को दिया है. साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि, शतरंज का नन्हा अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी आने वाले समय में गोरखपुर और प्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन करेगा.

दरअसल, खेल और खिलाड़ियों के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लगाव जग जाहिर है. गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने देश के सबसे कम उम्र के फीडे रेटेड खिलाड़ी, गोरखपुर निवासी कुशाग्र अग्रवाल के साथ शतरंज खेल कर उत्साहवर्धन किया. सीएम योगी ने इस लिटिल चैम्प से शतरंज के खेल में मोहरों की चाल और शह-मात पर खूब बात की. कुशाग्र अग्रवाल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद लेने गोरखनाथ मंदिर आए थे.

बता दें कि, कुशाग्र अग्रवाल अभी सिर्फ 5 साल 11 माह के हैं और यूकेजी में पढ़ते हैं, लेकिन, उनकी उपलब्धि उम्र से काफी बड़ी है. 1428 रैपिड फीडे रेटिंग हासिल कर वह इस समय भारत में सबसे कम उम्र के फीडे-रेटेड खिलाड़ी हैं. उन्होंने 4 साल की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया और अपनी प्रतिभा के दम पर एक साल में ही फीडे रेटिंग हासिल कर ली. शतरंज का शुरुआती प्रशिक्षण उन्हें अपनी बहन अविका से मिला जो खुद भी शतरंज की बेहतरीन खिलाड़ी हैं. कुशाग्र अब तक पटना, बेंगलुरु, पुणे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटेड प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई पुरस्कार जीत चुके हैं.