मुरादाबाद: अनियमित विद्युत आपूर्ति के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विद्युत कटौती के चलते किसानों की फसल और उद्योगों के उत्पादन पर असर पड़ रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारी कटौती पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के नेतृत्व में जिला और महानगर के कार्यकर्ता शनिवार की दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक तरफ बरसात ही इस बार कम हुई है। ऊपर से बिजली की कम आपूर्ति ने सभी को परेशान करके रख दिया है। आम जनता के साथ-साथ किसान, कामगार और विद्यार्थियों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में स्थापित तमाम छोटे उद्योगों में जहां उत्पादन में कमीं आने से महंगाई बढ़ी है। वहीं, किसानों की धान की फसल पर भी इससे प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग
कार्यकर्ताओं का कहना है कि करूला क्षेत्र में जर्जर तारों व गाड़ीखाना में वोल्टेज उतार चढ़ाव के चलते घरेलू उपकरणों को नुकसान पहुंच रहा है लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। आम जनता के साथ किसानों व कामगारों को नुकसान से बचाए जाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा है। उन्होंने शीघ्र ही जिला प्रशासन से विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग की है।
इस प्रदर्शन में अमीरुल जाफरी, उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुधीर पाठक, अकरम खां, अफजल साबरी, भयंकर सिंह बौद्ध, गौरव त्रिवेदी, राजेंद्र वाल्मीकि, अरशद परवेज, शिशुपाल जाटव, श्यामसरण, विवेक अग्रवाल, सतीश दिवाकर, दर्शन लाल, सरदार जगजीत सिंह, अनुराग शर्मा आदि मौजूद रहे।