न्याय यात्रा पर हमले के विरोध में कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

आस्था पर पहरे बिठा रही है भाजपा सरकार: देवेन्द्र

बस्ती: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर असम में हमले हो रहे हैं, जगह जगह यात्रा को रोका जा रहा है। इसके विरोध में बस्ती में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय की अगुवाई में पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शास्त्री चौक पर इकट्ठा हुये कांग्रेसजन असम के मुख्यमंत्री के विरूद्ध नारेबाजी करते हुये गांधी कला भवन पहुंचे।

यहां अपने संक्षिप्त सम्बोधन में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा की लोकप्रियता से असम सरकार घबरा गई है। केन्द्र के इशारे पर असम के मुख्यमंत्री के गुण्डे यात्रा पर हमले कर रहे हैं, वाहनों तथा प्रचार सामग्री को क्षति पहुंचाई जा रही है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा असम सरकार की घटिया सोच का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वहां राहुल गांधी को मन्दिर जाने और विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं से मिलने से रोका गया। कांग्रेस की ओर जनता के बढ़ते झुकाव से हैरान परेशान होकर आस्था पर पहरा बिठाया जा रहा है।