राहुल गांधी को मंदिर में जाने से रोके जाने पर भड़के कांग्रेसी

बापू प्रतिमा के समक्ष धरना देकर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

बस्ती: सोमवार को कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सचिव नोमान अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों ने गांधी कला भवन स्थित बापू प्रतिमा के समक्ष बैठकर कांग्रेस की न्याय यात्रा में बांधा पहुंचाये जाने, राहुल गांधी को असम के मंदिर में जाने से रोकने की कड़े शब्दों में निन्दा की गई। इसके साथ ही राष्ट्रपति को सम्बोधित 3 सूत्रीय ज्ञापन रजिस्टर्ड भेजने का निर्णय लिया गया।

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं बस्ती जनपद के प्रभारी दिलीप निषाद के दिशा निर्देश पर किये गये विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता नोमान अहमद ने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी के साथ अनेकों कांग्रेस नेता असम में न्याय यात्रा निकले हैं। असम में उनकी यात्रा पर भारतीय जनता पार्टी के अराजक गुण्डा तत्वों द्वारा हमला कर पोस्टर फाड़े गये और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। यह घटना लोकतंत्र के लिये दुर्भाग्यपूर्ण और चिन्ताजनक है। यात्रा में बाधा पहुंचायी जा रही है। कांग्रेस नेता बबिता शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब असम के नगांव जिले में पहुंची तो नगांव जिले में ही असम के वैष्णव संत शंकरदेव का जन्मस्थान बर्दोवा स्थित मंदिर में जाने से रोका गया जिसे रोक दिया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।