वायनाड लैंडस्लाइड में मृतकों की संख्‍या हुई 43, मायावती ने कहा- पड़ोसी राज्‍य में करें मदद

लखनऊ: केरल के वायनाड में भीषण बारिश के बीच तीन बार लैंडस्लाइड की घटना घटित हुई है। इसमें 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं, जिन्‍हें बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।

इस घटना पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने दु:ख जताया है। उन्‍होंने सोशल मी‍डिया पर पोस्‍ट के जरिए कहा, केरल राज्य के वायनाड में जबरदस्त बारिश के फलस्वरूप भूस्खलन आदि के कारण हुई जान-माल की भारी हानि अति-दुखद। सभी पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना तथा केन्द्र व राज्य सरकार से उन्हें हर प्रकार की मदद तत्काल उपलब्ध कराने की अपील। पड़ोसी राज्य भी अगर मदद को आगे आएं तो बेहतर।

लगातार चलाया जा रहा रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, लैंडस्लाइड मंगलवार की सुबह तड़के करीब 2 बजे हुई। इसके बाद सुबह करीब 4.10 बजे फिर एक बार लैंडस्लाइड हुई। लैंडस्लाइड के चलते करीब 100 से ज्यादा लोग मलबे में फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। केरल के मुख्य सचिव वी वेणु ने बताया कि लैंडस्लाइड करीब 2-3 बार हुई। लैंडस्लाइड से घायल होने वाले 16 लोगों को वायनाड के मेप्पाडी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा है कि वायनाड में भूस्खलन के बाद सभी संभावित बचाव कार्यों का समन्वय किया जाएगा। घटना के बारे में पता चलते ही सरकारी तंत्र बचाव अभियान में जुट गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में राज्य की सभी सरकारी एजेंसियां लगी हुई हैं। आज राज्य के मंत्री घटनास्थल का दौरा कर सकते हैं।

सेना की टुकड़ी तैनात

इस हादसे की भयावहता को देखते हुए सेना से रेस्क्यू ऑपरेशन का अनुरोध किया गया था, जिसके बाद सेना ने 4 टुकड़ियां जुटाई गई हैं। इनमें 122 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) की दो टुकड़ियां और कन्नूर के DSC सेंटर की 2 टुकड़ियां शामिल हैं। बचाव अभियान के लिए अब तक तैनात सेना की कुल संख्या लगभग 225 है, जिसमें चिकित्साकर्मी भी शामिल हैं।

इलाके के सीएमओ के मुताबिक, भारी बारिश के बाद वायनाड में भूस्खलन हुआ है। यहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक कंट्रोल रूम स्थापित कर लिया है। आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9656938689 औ र 8086010833 भी जारी किए गए हैं।