Ayodhya Ramlala Darshan: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- हम भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ा रहे आगे

Ayodhya Ramlala Darshan: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व में आज विधानसभा के तमाम सदस्य और प्रदेश सरकार के मंत्री अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए रवाना हो गए हैं। यूपी विधानसभा के सदस्य लक्जरी बसों से अयोध्या जा रहे हैं। सपा को छोड़ सभी दलों के विधायक अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं।

बसों में आरएलडी, निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल एस, कांग्रेस और बीएसपी के विधायक मौजूद हैं। सपा पर तंज़ कसते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है की समाजवादी पार्टी के चाल-चरित्र के बारे में सब जानते हैं। उन लोगों ने भारत की संस्कृति और प्रभु राम लला के प्रति हमेशा द्वेष भावना के तहत काम किया है। इन्हीं लोगों की सरकार में अयोध्या रक्तरंजित हुई थी, तो वे कैसे जा पाएंगे। हम सब भारत की सांस्कृतिक विरासत को और आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

वहीं, बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह ने भी कहा है की सपा के नेता राजनीति कर रहे हैं लेकिन हम इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करेंगे। हमारी पार्टी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। किसी को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।