सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में एकजुटता पर जोर

भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान: राम प्रसाद चौधरी

बस्ती: गुरुवार को समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के हल्लौर नगरा में समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ गया है। केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार चौतरफा आम आदमी को राहत देने में विफल है। मंहगई सिर चढ कर बोल रही है। किसान, नौजवान, व्यापारी और समाज का हर वर्ग परेशान है। भाजपा साम्प्रदायिक धु्रवीकरण कर फिर से सत्ता में वापसी का प्रयास कर रही है इसे मिलकर रोकना होगा। कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के साथ ही सभी वर्गो के लोग देश हित में सत्ता परिवर्तन करेंगे। इसके लिये कार्यकर्ताओें को बूथ स्तर पर अभी से जुट जाना होगा।

सपा जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि हमें सभी बूथों पर कडी निगरानी रखनी होगी, अभी से तैयारियां तेज कर अपने-अपने क्षेत्रों की सघन समीक्षा कर लें। कहा कि पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव के लिये पूरी ताकत से जुट जाय तभी हम भाजपा जैसे साम्प्रदायिक शक्तियों को परास्त कर सकेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, विधायक राजेन्द्र चौधरी, कविन्द्र चौधरी अतुल, समाजवादी चिन्तक चन्द्रभूषण मिश्र, मो. स्वालेह, जावेद पिण्डारी, समीर चौधरी आदि ने सम्बोधित करते हुये कहा कि केन्द्र में सरकार बनाने का रास्ता यूपी से होकर गुजरता है। हमें यूपी की सभी 80 सीटों पर भाजपा को हराने का संकल्प लेकर आगे बढना होगा। प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से तंग होकर परिवर्तन का मन बना चुकी है।