Fatehpur: श्रमिकों की लापरवाही से टायर फैक्ट्री में हादसा, पांच झुलसे

फतेहपुर: मलवां औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में श्रमिकों की लापरवाही से बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। इस दुर्घटना में पांच श्रमिक झुलस गए। उनका इलाज कानपुर के एक निजी अस्पताल और कानपुर उर्सला चिकित्सालय में जारी है। घटनास्थल पर अधिकारियों ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली तो वहीं, घायलों से मिलने लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह कानपुर के एक निजी हॉस्पिटल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, घायलों का उपचार इंडस्ट्री के मालिक करा रहे हैं।

यह इकाई औद्योगिक क्षेत्र में एसबीआई के ठीक पीछे स्थित है, जोकि मलवां थानाक्षेत्र के सौंरा पुलिस चौकी में आती है। यहां पर शुक्रवार देर शाम एक दुर्घटना हो गई। दरअसल, इस इकाई में पुराने टायरों को बॉयल कर तेल कार्बन और लोहे के तार निकालने का काम होता है। इसके लिए एक बड़े पाईपनुमा जार के अंदर पुराने टायरों को डाला जाता है, फिर उच्च तापमान पर टायर को जलाया जाता है, जिससे टायर से तेल कार्बन और लोहा अलग हो सके। श्रमिक इस कार्य को रोज करते हैं, लेकिन शुक्रवार को यही कार्य करने में जरा सी लापरवाही बरती तो हादसा हो गया।

Fatehpur: श्रमिकों की लापरवाही से टायर फैक्ट्री में हादसा, पांच झुलसे

ऐसे हो गया हादसा

जानकारी के अनुसार, जब पुराने टायरों से तेल कार्बन और लोहा निकलने की प्रक्रिया चल रही थी तभी श्रमिकों ने समय से पहले ही पाईप को खोल दिया, जिससे तेज आग का गोला बाहर निकला और मौके पर काम कर रहे श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। पांच श्रमिकों के मुंह और हाथ आग से झुलस गए हैं। दुर्घटना होते ही हड़कंप मचा गया। अचानक शोर से आसपास की इकाईयों में काम करने वाले श्रमिक और संचालक जा पहुंचे। सभी ने तत्काल उपचार के लिए घायल श्रमिकों को कानपुर रवाना किया।

दुर्घटनास्थल पहुंचे सीएफओ

मलवां औद्योगिक क्षेत्र में दुर्घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस मौके पर पहुंचीं। यहां पर मुख्य अग्निशमन सुरक्षा अधिकारी उमेश गौतम ने निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि तार निकालने के दौरान हादसे से पांच श्रमिक आंशिक घायल हुए हैं। आग की कोई घटना नहीं हुई है और न ही कोई नुकसान हुआ है। सभी घायलों का उपचार कानपुर में जारी है, सभी खतरे से बाहर हैं। बिंदकी एफएसओ मय मोटर फायर इंजन और स्टॉफ के साथ मौजूद रहे।

घायलों को देखने पहुंचे फतेहपुर लउभा जिलाध्यक्ष

दुर्घटना की जानकारी होते ही जहां जिले में हड़कंप मचा रहा तो वहीं, इंडस्ट्री मालिक के निर्देश पर सभी घायलों का उपचार कानपुर में शुरू किया गया। इन घायलों को देखने फतेहपुर लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना में पांच श्रमिक घायल हैं, जिनमें से तीन को कानपुर के निजी चिकित्सालय में और दो को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं।