यूपी के 15 जिलों में बाढ़, एनडीआरएफ तैनात; मध्‍यप्रदेश के 20 गांवों में अलर्ट

नई दिल्‍ली: उत्तर प्रदेश राज्‍य के 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। गंगा और यमुना उफान पर हैं। वाराणसी में 65 घाट गंगा में डूबे हैं, जहां NDRF तैनात है। लखीमपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 250 गांव में पानी भर गया है। करीब 2.50 लाख लोग प्रभावित हैं।

मध्य प्रदेश के मुरैना में तालाब फूटने से 4 गांवों में पानी घुस आया है। ​​​​​इस कारण 20 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में बारिश के चलते पिछले 2 दिनों में 26 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जयपुर समेत 4 जिलों में स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार (12 अगस्त) को पहाड़ी से पत्थर गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।

यूपी में मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़

उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़ आ चुकी है। इसमें कुल 17 लोगों की मौत हुई है। यूपी-उत्तराखंड और हरियाणा की सीमा पर स्थित हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसकी वजह से यमुना का जलस्तर बढ़कर एक लाख क्यूसेक पहुंच गया है। इसका असर सहारनपुर समेत कई जिलों में पड़ेगा।

हिमाचल में लैंडस्लाइड के कारण 2 नेशनल हाईवे बंद

हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड-बाढ़ के कारण शिमला-किन्नौर सहित 2 नेशनल हाईवे और 195 सड़कें बंद हैं। ऊना में 11 अगस्त को 3 लड़कियां बाढ़ में बह गईं। 27 जून से 12 अगस्त के बीच हिमाचल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 110 लोग मारे गए हैं। राज्य को लगभग 1,004 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

14 अगस्त को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 12 CM तक पानी गिर सकता है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश का अनुमान है। यहां 7 CM तक पानी गिर सकता है।