देश के 16 राज्‍यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी में 80 गांव बाढ़ प्रभावित

नई दिल्‍ली: देश में मानसून सीजन आधा बीतने के बाद भी कई इलाकों में गर्मी-उमस है। दिल्ली में 21 अगस्त को 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। इधर, मौसम विभाग ने गुरुवार (22 अगस्त) को 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में भी मानसून जमकर सक्रिय है। बुधवार (21 अगस्त) को 24 घंटे में बारिश से जुड़े हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। प्रदेश के 10 जिले के 80 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बलिया में गंगा, बाराबंकी में घाघरा, सिद्धार्थनगर में राप्ती और गोंडा में क्वनो नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

23 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में भारी बारिश (7 सेमी) का अलर्ट है। किसी भी राज्य में बहुत भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।