वाराणसी: आईआईटी बीएचयू के संस्थान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के तकनीकी विकास के लिए हमें आपके अनुसंधान और विशेषज्ञता की जरूरत है। यूपी को विकसित बनाने में ऊर्जा, स्मार्ट मोबिलिटी, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल डिवाइस, रक्षा विनिर्माण और हाईटेक तकनीक क्षेत्रों में लगातार आपके योगदान की जरूरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े थे और अपना संबोधन दे रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, एग्रीटेक, बायोटेक और डीपटेक जैसे क्षेत्र उत्तर प्रदेश को नई गति दे रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने उच्च शिक्षा संस्थानों को नवाचार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और आईआईटी के निदेशक प्रो. अमित पात्रा सहित पूर्व छात्रों, वैज्ञानिकों, उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्टार्टअप उद्यमियों और किसानों को शुभकामनाएं दीं।