जम्‍मू में सीएम योगी ने कहा- अब यूपी में कोई दंगा करता है तो हम उसे उल्‍टा टांग देते हैं

श्रीनगर: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार जम्मू पहुंचे। बुधवार (10 अप्रैल) को यहां उन्‍होंने केंद्रीय मंत्री, उधमपुर से सांसद व भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह के पक्ष में कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया।

मुख्‍यमंत्री योगी ने मोदी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए विपक्षी पार्टियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्‍होंने जम्मू वासियों को वासंतिक नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्हें जम्मू की धरती को आराध्य देवों, ऋषि मुनियों की साधना स्थली, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए बलिदान करने वालों की भूमि बताया।

राम मंदिर का निर्माण नहीं कर पाती कांग्रेस

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का निर्माण नहीं कर पाती। कांग्रेस ने कहा था कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। इन लोगों ने राम-कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर हमारे आराध्य देवों को नकारने का प्रयास किया। एक्सीडेंटल हिंदुओं ने राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण भी हो गया। आप आइए, अयोध्या में लगेगा कि साक्षात त्रेतायुग के दर्शन हो रहे हैं। काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया है। पहले संकरी गली थी, बमुश्किल पांच लोग जा पाते थे पर आज एक साथ 50 हजार श्रद्धालु भी आ जाएं तो कोई समस्या नहीं है।

उन्‍होंने कहा कि पहले लोग खुद को हिंदू बोलने में भी संकोच करते थे। अयोध्या का नाम लेने में लोग डरते थे। 2017 में जब मैं उप्र का मुख्यमंत्री बना तो अयोध्या गया। अचरज होकर लोगों ने कहा कि यह क्या कर रहे हैं, कुछ लोग नाराज हो जाएंगे। मैंने कहा कि हो जाएंगे तो होने दो। मैं जनआस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। वोट बैंक के लिए यह नहीं हो सकता। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारी करो। अच्छी सरकार बनती है तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हो जाता है।

यूपी में सुरक्षा व्‍यवस्‍था का किया जिक्र

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। हम यूपी में कोई संकोच नहीं करते हैं। यूपी में कोई दंगा करता है तो उल्टा लटकाकर टांग देते हैं। बहुत ज्यादा कोई बकबक करता है तो नीचे से मिर्च का झोंका लगा दिया जाता है,  सारी भो-भो ठीक हो जाती है। उन्‍होंने कहा कि दस वर्ष में जो कार्य हुआ है, उसके परिणाम को और बेहतर तरीके से लाना है। इसके लिए तीसरी बार मोदी जी को जिताइए। मोदी जी के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. जितेंद्र सिंह को तीसरी बार आशीर्वाद देना है। सरकार व पार्टी ने जो भी दायित्व सौंपा, सहजता, सरलता व कुशल व्यवहार से डॉ. सिंह ने उसे पूरा किया। 2014 में हम दोनों साथ सांसद थे।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना,  पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अशोक कौल, प्रदेश महासचिव डॉ. डीके मनाल, सुनील सेठी आदि मौजूद रहे।