शाहजहांपुर में पीएम मोदी ने कहा- कई बार फ्लॉप हो चुकी है दो लड़कों की जोड़ी, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

शाहजहांपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (25 अप्रैल) को आंवला के बाद शाहजहांपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बरेली मोड़ स्थित मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जहां पीएम ने अपनी सरकार के कामों को गिनाया तो वहीं सपा-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की जय से अपना संबोधन शुरू किया। शाहजहांपुर के शहीदों को नमन किया। कहा कि मैं क्रांतिकारियों की जननी शाहजहांपुर की धरती को नमन करता हूं। 24 का चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है। यह चुनाव सामान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आपका एक-एक वोट सशक्त भारत के संकल्प को मजबूती देने की गारंटी है। यह मोदी की गारंटी से भी ज्यादा गारंटी है। इस बार आपको अपने वोट देश विरोधी मानसिकता वाले लोगों को कड़ा संदेश देना है। आपका वोट ही आतंकवाद को काबू में रखेगा।

राहुल-अखिलेश पर जमकर बरसे

पीएम मोदी ने कहा कि पहले जहां सामान्य सड़कें नहीं थीं। आज वहां एक्सप्रेसवे गुजर रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे की नींव भी शाहजहांपुर में रखी गई थी। इस विकास ने लखनऊ और दिल्ली की दूरी कम की है। यह क्षेत्र डिफेंस कॉरिडोर से भी जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में गन्ना किसान का भुगतान समय पर होता है। उन्‍होंने कहा कि दो लड़कों की जोड़ी… जो कई बार फ्लॉप हो चुकी है। इनसे विकास की कोई उम्मीद नहीं कर सकते हैं? हमारी सरकार के लिए युवा, गरीब, किसान और नारीशक्ति… ये पहली प्राथमिकता है। कहा कि हमने चार करोड़ गरीबों को पीएम आवास के तहत घर दिए हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाओं के नाम पर बनवाए गए हैं। यही नहीं, हम तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि पहले लखनऊ-कानपुर आए दिन आतंकी हमले होते थे, बम धमाके होते थे। इसके सिवा सपा-कांग्रेस वाले कुछ बता भी नहीं सकते थे, क्योंकि उन्होंने ऐसा कुछ काम किया ही नहीं, जिसका वो रिपोर्ट दे सकें। कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता आतंकियों के मरने पर आंसू बहा रही थीं। यही नहीं, सपा वाले तो ऐसे थे कि जो आतंकी जेल में थे उनको जेल से रिहा करवाने के लिए भांति-भांति के कानूनी रास्ते खोज रहे थे। पीएम मोदी ने कहा कि सपा वालों ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं थीं। कांग्रेस वाले राम मंदिर बनने से रोक रहे थे। मंदिर निर्माण को रोकने के लिए सपा कांग्रेस ने कई पाप किया। इनके पाप माफ करके मंदिर के ट्रस्टी ने घर जाकर निमंत्रण दिया। राम मंदिर का निमंत्रण मिलना सात जन्मों के पुण्य है। इन्होंने इसे भी ठुकरा दिया।

पूरे देश में कर्नाटक मॉडल लागू करना चाहती है कांग्रेस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में कर्नाटक मॉडल लागू करना चाहती है। कर्नाटक मॉडल यह है कि ओबीसी को जो 27 प्रतिशत कोटा मिला हुआ है, उसी में से मुस्लिमों की जातियों को दे दिया गया है। कर्नाटक के सभी मुसलमानों को एक कागज पर ठप्पा मारकर उन सबको ओबीसी बना दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा मॉडल आपको मंजूर है?