टी-20 विश्व कप में भारत ने बचाया सबसे छोटा स्कोर, पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2024 में इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ ही कई रिकॉर्ड बना दिए। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम की पाकिस्तान पर 7वीं जीत रही। दोनों के बीच कुल आठ मुकाबले हुए हैं और भारत ने सात मैचों में जीत हासिल की है। एक में पाकिस्तान को जीत मिली।

यह टी-20 विश्व कप में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैचों की विनिंग स्ट्रीक है। टीम इंडिया ने इस मामले में पाकिस्तान और श्रीलंका को पीछे छोड़ा। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ और श्रीलंका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 विश्व कप में छह-छह मैच जीते थे। अब भारतीय टीम सबसे आगे हो गई है।

टी-20 विश्व कप में किसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सर्वाधिक जीत

मैच में जीत   टीम     खिलाफ

7                 भारत       पाकिस्तान

6              पाकिस्तान   बांग्लादेश

6              श्रीलंका     वेस्टइंडीज

भारत ने सबसे छोटे टोटल का किया बचाव

भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप में सबसे छोटे टोटल का बचाव किया है। इस मामले में उन्होंने श्रीलंका की बराबरी की। दोनों ने 120 रन के लक्ष्य का बचाव किया है। श्रीलंका ने ऐसा 2014 टी-20 विश्व कप में चटगांव में न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था। वहीं, टी-20 में भारतीय टीम द्वारा बचाया गया यह सबसे कम स्कोर भी है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में 139 रन के लक्ष्य का बचाव किया था।

टी-20 विश्व कप में सबसे कम लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव  

कितने रन का बचाव     टीम       खिलाफ      स्थान      साल

120                           श्रीलंका    न्यूजीलैंड    चटगाँव         2014

120                         भारत        पाकिस्तान    न्यूयॉर्क       2024*

124                   अफगानिस्तान  वेस्टइंडीज   नागपुर      2016

127                      न्यूजीलैंड      भारत            नागपुर      2016

129                दक्षिण अफ्रीका  न्यूजीलैंड      लॉर्ड्स      2009

जसप्रीत बुमराह ने किया कमाल

पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में किसी टीम द्वारा बचाया गया यह दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। 2021 में जिम्बाब्वे ने हरारे में पाकिस्तान को 119 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं करने दिया था। इसके बाद टीम इंडिया है। भारत की जीत के हीरो जसप्रीत बुमराह रहे। उन्होंने 14 रन देकर तीन विकेट लिए। बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह आठ महीने के अंदर दूसरी बार है, जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट में बुमराह ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड जीता है। इससे पहले साल 2023 के वनडे विश्व कप में बुमराह ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 रन देकर दो विकेट लिए थे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने थे।

टी-20 में भारत द्वारा सबसे कम लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव  

कितने रन का बचाव    विपक्षी टीम        स्थान        साल

120                           पाकिस्तान        न्यूयॉर्क       2024*

139                            जिम्बाब्वे          हरारे          2016

145                            इंग्लैंड             नागपुर         2017

147                          बांग्लादेश         बेंगलुरु         2016

टी-20 में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे कम लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव

रन     विपक्षी टीम        स्थान     साल

119      जिम्बाब्वे             हरारे      2021

120      भारत              न्यूयॉर्क     2024*

128    ऑस्ट्रेलिया         मेलबर्न     2010

130      इंग्लैंड            अबू धाबी   2012

131       ज़िम्बाब्वे          पर्थ         2022