IPL 2024: चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी से हटे धोनी, इस बल्लेबाज को मिली जिम्मेदारी

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के आगाज से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब सीएसके की कप्‍तानी महेंद्र सिंह धोनी नहीं करेंगे, बल्कि टीम मैनेजमेंट ने ऋतुराज गायकवाड़ को नया कप्तान घोषित किया है।

बता दें कि एमएस धोनी लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके ने पांच बार खिताब भी जीता, लेकिन अब वे इस जिम्मेदारी को नहीं संभालेंगे। धोनी का कप्तानी के साथ-साथ बल्‍लेबाजी में भी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और इसी वजह से मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताया है।

सीएसके को पांच बार जिताया खिताब

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2008 से ही चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की टीम के साथ बने हुए हैं। सीएसके ने धोनी की कप्तानी में अभी तक पांच बार खिताब जीता है। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता था। सीएसके ने पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल मुकाबला जीता था।

आईपीएल लीग के सबसे सफल कप्तान धोनी

एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी को 6 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह सबसे महंगे खिलाड़ी थे और टीम ने अपना कप्तान भी बनाया। उन्होंने कुल 226 मैचों में कप्तानी की है और 133 जीत हासिल की। 91 मैच में उनकी टीम हारी और 2 मैच बेनतीजा रहे।

इसमें राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के मैच भी शामिल हैं। वहीं, चेन्नई की बात करें तो उन्होंने 212 मैचों में कप्तानी की है और 128 मैच जीते हैं। चेन्नई के लिए धोनी कप्तान के रूप में 5 खिताब जीत चुके हैं। रोहित शर्मा के साथ धोनी सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान भी हैं।