अखिलेश यादव-मल्लिकार्जुन खड़गे की साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस, कहा- यूपी में 79 सीटें जीतेगा ‘इंडिया’ गठबंधन

लखनऊ: कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार (15 मई) को राजधानी में समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के साथ साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। इस दौरान उन्‍होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के चार चरण संपन्न होने के बाद विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) मजबूत स्थिति में है और चार जून के बाद सरकार बनाएगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार गरीब लोगों को हर महीने 10 किलो अनाज मुफ्त देगी। देश में चुनाव के चार चरण संपन्न हो चुके हैं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) मजबूत स्थिति में है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हिंदुस्तान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदाई तय कर दी है। चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन नई सरकार बनाने जा रहा है।

मुफ्त अनाज देने को लेकर किया सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि देश के 80 करोड़ गरीबों को हम मुफ्त अनाज दे रहे हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून तो हम लेकर आए थे। ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार आएगी तो हम गरीबों को प्रति माह 10 किलो अनाज मुफ्त देंगे। हमने यह कर्नाटक और तेलंगाना में किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ताकत की बात करते हैं, लेकिन वह बार बार संविधान बदलने की बात करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते? खड़गे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने भी संविधान को बदलने की बात की थी।

भाजपा के लोग संविधान बदलने की बात करते हैं- खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उप्र में भाजपा के इतने लोग संविधान बदलने की बात बोलते हैं कि मुझे ताज्जुब होता हैं और मोदी जी चुप बैठते हैं। अगर आपके पास ताकत है, छप्पन इंच की छाती तो है ही… तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करते ? उन्होंने कहा कि यह संविधान के खिलाफ हैं, ऐसा नहीं बोलना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सत्ता में आने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी ताकि लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगे। उन्होंने कहा ‘‘इसका उद्देश्य देश को कमजोर करना कतई नहीं है।

इंडिया गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा

पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ उत्तर प्रदेश में 79 लोकसभा सीटें जीतेगा, और सिर्फ एक सीट पर ही मुकाबला है। उन्‍होंने कहा कि बुंदेलखंड के लोग भारतीय जनता पार्टी को खंड खंड कर देंगे। इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में 79 सीटें जीत रहा है औऱ सिर्फ ‘क्योटो’ में मुकाबला है। प्रधानमंत्री और भाजपा पूर्व में वाराणसी को जापान के खूबसूरत शहर क्योटो की तरह विकसित करने का दावा कर चुके हैं। यादव ने कहा कि चार चरणों का मतदान संपन्न होने के साथ ही भाजपा का झूठ भी चरम पर पहुंच गया है और अब ढहने लगा है।

उन्होंने कहा यह सरकार नौकरी नहीं देना चाहती। नौकरी न देने से नौजवानों का एक तिहाई जीवन बर्बाद हो गय़ा। किसान, नौजवान, व्यापारी भाजपा की पुरानी कहानी सुन सुन कर थक चुके हैं। कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बुंदेलखण्ड क्षेत्र में भाजपा एक भी सीट नहीं जीतेगी। उन्होंने परीक्षा पेपर लीक को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला।

बता दें कि कांग्रेस, सपा और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के साथ मिलकर उप्र में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस जहां 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं समाजवादी पार्टी 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि टीएमसी ने उप्र की एक लोकसभा सीट भदोही से अपना उम्मीदवार खड़ा किया है।