लखनऊ महापौर बोलीं- संतुलित जीवनशैली के लिए योग जरूरी, नगर आयुक्त ने दिलाई ये शपथ

International Yoga Day 2024: दसवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन नगर निगम लखनऊ द्वारा वृहद रूप से महापौर की अध्यक्षता में व नगर आयुक्त के नेतृत्व में समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में झण्डी वाले पार्क में किया गया। इसके अन्तर्गत व्यापक स्तर पर योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों विशेषकर नगर निगम, लखनऊ क्षेत्रान्तर्गत चिन्हित विभिन्न पार्को में भी जोनवार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाया गया और लोगों को योग करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही योग कर निरोगी रहने के संदेश को जन जन तक पहुंचाया गया।

लखनऊ महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी को प्रेरित करते हुए अधिकारियों, आमजन व बच्चों को नियमित योग कर निरोगी रहने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मन की शांति व संतुलित जीवन शैली के लिए योग बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा की आज दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व भर में मनाया जा रहा हैं। योग मन और आत्मा को शांति देने, आंतरिक ऊर्जा बढ़ाने, शरीर और स्वच्छता के लिए जीवन का अभिन्न अंग है। निश्चित रूप से योग से हम निरोगी रहने का संकल्प लेते हैं। योग की ऊर्जा मन की शांति, आत्मा की शांति के साथ स्वस्थ और सौहार्द जीवन और संतुलित जीवन दे सकते हैं।

इस दौरान नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि योग हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का अंग है। इसके माध्यम से अपने जीवन और समाज को स्वस्थ बनाने के लिए दैनिक दिनचर्या में शामिल कर इसे अवश्य करना चाहिए। इससे समाज स्वस्थ होगा और सांस्कृतिक विकास भी होगा। नगर आयुक्त द्वारा नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना कर लोगों को निरंतर योग किये जाने की शपथ भी दिलवाई।