पुण्य तिथि पर याद किए गए महाराणा प्रताप

प्रतिमा पर उपस्थित लोगों ने किया माल्यार्पण

बस्ती: देश के महानायक महाराणा प्रताप को उनकी पुण्य तिथि पर शुक्रवार को याद किया गया। सिविल लाइन्स तिराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद महेश चन्द्र सिंह ने कहा कि जब भी भारतीय इतिहास में वीरों का नाम याद किया जाता है, महाराणा प्रताप का नाम सबसे आगे है। कहा कि प्रत्येक युग में समय-काल के अनुरूप नायक उत्पन्न होते रहते हैं। देश के निर्माण में अनेक महापुरुषों का योगदान है। हमें महापुरुषों से प्रेरणा लेकर उनके सपनों के अनुकूल भारत निर्माण का संकल्प साकार करना होगा। युवा पीढ़ी महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लें।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप स्वाभिमान थे। जब राणा प्रताप को अपने वश में करने के अकबर के सभी प्रयास विफल रहे तब हल्दी घाट की ऐतिहासिक लड़ाई हुई। महाराणा प्रताप ने अप्रतिम वीरता के साथ युद्ध लड़ा। इस युद्ध में महाराणा का प्रिय चेतक बलिदान हो गया। उनका संघर्ष और योगदान युगों तक याद किया जाएगा। महापुरुष संघर्ष की कोख से ही पैदा होता है। महाराणा प्रताप का पूरा जीवन संघर्ष से भरा रहा मगर वे अपने कर्तव्य पथ से कभी नहीं डिगे। अमन प्रताप सिंह ने महाराणा प्रताप के शौर्य और बहादुरी की चर्चा की।